शहाबगंज पुलिस के गिरफ्त में ईनामियां बदमाश। स्रोत:-जागरूक पाठक
चंदौली। स्पेशल टास्क फोर्स की वाराणसी इकाई ने चंदौली जिले के शहाबगंज थाने में दर्ज गो तस्करी के मामले में आरोपी कौसर फारूकी को बुधवार को भदोही जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस पिछले दस महीने से आरोपी की तलाश कर रही थी। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ की विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी कौसर फारूकी, वार्ड नंबर-10, अब्दुल कलाम नगर, थाना सैयदराजा, जनपद चंदौली का निवासी है। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कौसर फारूकी भदोही और आसपास के क्षेत्रों में पहचान छिपाकर रह रहा है। निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में एसटीएफ की वाराणसी टीम उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर एसटीएफ टीम ने तारोपुर स्थित सद्दाम दरी कारखाने के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कई राज्यों में तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आसपास के राज्यों से गोवंश चोरी और उन्हें बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था। इसके लिए उसने विशेष रूप से वाहन भी खरीद रखा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अंतरराज्यीय पशु तस्करों के साथ मजबूत नेटवर्क तैयार कर रखा था और लंबे समय से अवैध कारोबार में सक्रिय था।
-
2025 की कार्रवाई के बाद से तलाश रही थी पुलिस
एसटीएफ के अनुसार, 7 अक्टूबर 2025 को शहाबगंज थाने की पुलिस ने गोवंश से लदे वाहन से उसके एक साथी को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में कौसर फारूकी का वाहन भी बरामद हुआ था, लेकिन वह भाग गया था। उसके खिलाफ 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। एसटीएफ का कहना है कि उसके साथियों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।