ट्रेनों में चोर उचक्कों का आतंक कम नहीं हो रहा है। गुरुवार को दो ट्रेनों में पांच यात्रियों के लाखों रुपये मूल्य के नकदी और गहने चोरों ने गायब कर दिए। ट्रेनों के मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर यात्रियों ने इसकी तहरीर जीआरपी में दी है। जीआरपी मुकदमा दर्ज कर मामले को संबंधित स्टेशन पर भेज दिया।
बारमेर से गुवाहाटी जा रही 5631 डाउन बारमेर गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या एस-8 के बर्थ संख्या 61 और 62 पर परिवार के साथ कानपुर निवासी दीपक शर्मा गुवाहाटी के लिए सवार हुए। ट्रेन के इलाहाबाद के आगे बढ़ने पर गुरुवार को उचक्कों ने बैग गायब कर दिया। बैग में हजारों रुपये मूल्य के सामान रहे। वहीं पंजाब मेल में ए-1 कोच से चार यात्रियो को उचक्कों ने नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य के सामान चुरा लिए। ए-1 कोच में बर्थ संख्या 17 और 18 पर दक्षिणी दीनापुर बंगाल निवासी जयंती राय और टीना राय हावड़ा से लुधियाना के लिए सवार हुई।
इसी तरह बी -3 कोच के सीट संख्या 52 पर सवार मनीषा राय ने ए-1 कोच में रिश्तेदार के पास सामान रख दिया था। वहीं ए-1 कोच के सीट संख्या 13 से 15 पर परिवार के साथ दिनेश राय सवार थे। पटना से ट्रेन के आगे बढ़ने पर उचक्कों ने बैग और सूटकेश चुरा लिए। बैग में 25 हजार रुपये नकदी सहित लाखों रुपये मूल्य के गहने और कपड़े रहे। यात्रियों ने इसकी सूचना कोच अटेंडेंट और टीटी को दी। ट्रेन के मुगलसराय पहुंचने पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज की है।