कंदवा। धीना थाना क्षेत्र के मचवां गांव में शनिवार की रात चोरों ने लबे रोड दो घरों को निशाना बनाया। एक घर में चोरों ने विरोध कर रही घर की महिलाओं को मारपीट कर घायल कर 30 हजार रुपये नकदी सहित करीब छह लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। भुक्तभोगियों ने रविवार को थाने में चोरी की तहरीर दी है।
गांव निवासी गंगाप्रसाद और ऋषिकेश खरवार का मुख्य मार्ग से सटा घर है। शनिवार की रात में जब घर के सभी सदस्य सोए हुए थे तभी सीढ़ी के सहारे पीछे से खेत की ओर से चोर घर में घुस गए। चोरों ने घर के पुरुष सदस्यों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और एक-एक कमरे को खंगाल दिया। इस दौरान गंगा प्रसाद के घर से तीन बाक्स व उसमें रखे सोने का दो मंगलसूत्र, दो अंगूठी, एक सिकड़ी, एक जोड़ी झुमका, दो नथुनी और चांदी के छह छागल, हाथ प्लानी, 15 हजार नकदी सहित अन्य कागजात व कपड़े पर हाथ साफ कर दिया। चोरों की आहट पर घर की महिलाओं की आंख खुल गई। उन्होंने विरोध किया तो चोरों ने दिव्या व ज्योति के सिर पर डंडे व नुकीले हथियार से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं चोरों ने पास के ही बगल के ऋषिकेश खरवार के घर में घुसकर सोने की तीन चेन,एक अंगूठी, मंगलसूत्र, पैजनी, करधनी व 15 हजार रुपये नकदी सहित अन्य जरूरी सामान चुराकर फरार हो गए। रविवार की सुबह घर से कुछ दूर खेत में तीन बॉक्स खाली पड़े मिले। चोरी की घटनाओं व घर की महिलाओं पर हुए हमले से भुक्तभोगी परिवार काफी सहमा हुआ है। उसी रात चोरों ने धीना थाना क्षेत्र के ही बडीहा गांव निवासी रामपति के घर भी धावा बोला था लेकिन परिवार के लोगों के जाग जाने के कारण वे भाग निकले। इस संबंध में कार्यवाहक थानाध्यक्ष धीना राजनारायन पांडेय का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।