पीडीडीयू नगर। लोकसभा चुनाव के लिए वाहनों के अधिग्रहण का नोटिस लेने से इनकार करने वाले 122 वाहन स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का फैसला लिया गया है। चुनाव के लिए बड़े पैमाने में वाहनों की जरूरत है। इसके लिए परिवहन विभाग ने जिले के 700 हल्के वाहनों (चार पहिया) के स्वामियों को अधिग्रहण का नोटिस पुलिस के जरिये भेजा था। इनमें से 122 लोगों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया है। ऐसे में उप संभागीय परिवहन अधिकारी ने नोटिस नहीं लेने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय लिया है। एआरटीओ प्रशासन डाॅ. सर्वेश गौतम ने बताया कि जिन लोगों ने अधिग्रहण नोटिस ले लिया है, यदि वे अपने वाहन 28 मई तक नवीन मंडी और पुलिस लाइन चंदौली नहीं पहुंचेंगे तो उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि हल्के वाहन का 2140 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किराया वाहन स्वामी के खाते में निर्वाचन कार्यालय की ओर से भेजा जाएगा।