चंदौली। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन मंगलवार को छह लोगों ने पर्चा दाखिल किया। चुनाव के लिए कुल 43 लोगों ने पर्चा खरीदा था लेकिन सिर्फ 27 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है। चंदौली सीट के लिए पांच दिनों तक चली नामांकन प्रक्रिया में भाजपा उम्मीदवार डाॅ. महेंद्रनाथ पांडेय, इंडी गठबंधन की ओर से सपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह, बसपा के सत्येंद्र मौर्य समेत 27 लोगों ने पर्चा दाखिल किया है। आखिरी दिन मंगलवार को भी बसपा प्रत्याशी सत्येंद्र कुमार मौर्य ने जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान और तिलकधारी बिंद के साथ पहुंचकर दो सेट में नामांकन किया। इसी तरह निर्दल प्रत्याशी के रूप में धर्मेंद्र कुमार सिंह, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, मदन, रजनीश कुमार, सिद्धार्थ प्राण बाहु और बहुजन मुक्ति पार्टी के संतोष कुमार ने नामांकन किया। लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तहत 15 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं, 17 मई को अपराह्न तीन बजे तक उम्मीदवार अपना पर्चा वापस ले सकेंगे। एक जून को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान और चार जून को मतगणना होगी।