धपरी गांव में शनिवार को निर्माण कार्य के दौरान जमीन में शिवलिंग मिलने पर वहां दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। ग्रामीण पूजा-अर्चना, जलाभिषेक के साथ ही भजन-कीर्तन भी करते रहे। बीते मंगलवार को नाग पंचमी के कारण आसपास के कई गांवों से श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बेलपत्र व जल अर्पित कर पूजा की। मंगलवार को भाजपा नेता संतोष गुप्ता काफी संख्या में ग्रामीणों के साथ शिवलिंग स्थल पर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।
महिलाएं व अन्य लोग भजन-कीर्तन कर रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शिवलिंग स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वहां पर पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। मामले को सुलझाने के लिए एसडीएम की ओर से ग्राम प्रधान और दोनों पक्ष के लोगों को मंगलवार को बातचीत के लिए बुलाया गया था। हालांकि नाग पंचमी पर्व के कारण किसी भी पक्ष की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ।
ग्राम प्रधान संजय सोनकर ने बताया कि एसडीएम ने समझौते के लिए मंगलवार को बुलाया था। पर्व होने के कारण अब हम बुधवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलने जाएंगे। फिलहाल शिवलिंग स्थल पर धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से जारी हैं। सीओ पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा का कहना है कि धपरी गांव में सुरक्षा के दृष्टि से पीएसी के 50 जवानों और करीब 50 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। फिलहाल वहां शांति व्यवस्था कायम है। वहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।