सकलडीहा। जिला प्रशासन की हिदायत के बाद भी जिला पंचायत, ग्राम प्रधान सहित बीडीसी के उम्मीदवारों ने सरकारी पोलों और दीवारों से होर्डिंग पोस्टर नही उतरवाए हैं। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने पीएसी फोर्स के साथ बुधवार की देर रात होर्डिंग-पोस्टर उतरवाए। साथ ही करीब दो दर्जन प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। प्रशासन ने बीते दिनों सरकारी दीवारों और पोलों पर होर्डिंग-पोस्टर न लगाने की घोषणा कराई थी। इसके बाद भी कई प्रत्याशी होर्डिंग-पोस्टर उतरवाने की बजाए और लगाते चले गए। पुलिस अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए बुधवार की देर रात तक अभियान चलाकर कस्बा सहित नईबाजार और डेढ़ावल चौकी के तहत सरकारी भवनों पर लगाए गए होर्डिंग व पोस्टर हटवा दिए। इस दौरान जिला पंचायत, ग्रामप्रधान, बीडीसी सहित अन्य दो दर्जन से अधिक प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया। सीओ श्रुति गुप्ता ने बताया कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में दो दर्जन से अधिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मौके पर कोतवाल अवनीश राय, अच्छेलाल, महफूज खां, रामनिवास, राजेश सिंह, भपेशचंद्र कुशवाहा, हरिकेश राय, धर्मेंद्र मौजूद रहे।