पीडीडीयू नगर। शहाबगंज ब्लॉक के कौड़िहार गांव के निवासी सतानंद ने सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी न मिलने और गलत सूचना उपलब्ध कराने के मामले में बीडीओ और सेक्रेटरी के खिलाफ जिला न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया है।
सतानंद पुत्र पुनवासी ने आरोप लगाया कि कौड़िहार ग्राम सभा में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने बीडीओ दिनेश कुमार सिंह और ग्राम सेक्रेटरी राजेंद्र प्रसाद भारती से कई बिंदुओं पर सूचना मांगी थी। इसके जवाब में करीब 1000 से अधिक पन्नों की सूचना प्रदान की गई, जिसके लिए उनसे निर्धारित फीस से अधिक राशि वसूली गई।
इसके अलावा, सतानंद ने दावा किया कि दी गई सूचना तथ्यहीन, भ्रामक और बिना हस्ताक्षर व मुहर के थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने हीलाहवाली और गलत जानकारियां देकर उन्हें गुमराह किया। इसके बाद उन्होंने न्याय की गुहार लगाते हुए चंदौली जिला न्यायालय में मुकदमा दायर किया है। संवाद
बंद पड़ा ग्राम रामबोझा का आरोग्य मंदिर।संवाद