चंदौली। लॉकडाउन के दौरान पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्डधारकों को प्रत्येक यूनिट पांच किलो मुफ्त चावल नि:शुल्क मिलेगा। वहीं सभी कार्ड धारकों को एक किलो चना का भी सस्ते गल्ले की दुकानों से वितरण किया जाएगा। इसके अलावा दो माह का केरोसिन भी निर्धारित दर पर मिलेगा। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने नोडल अधिकारियों को पारदर्शितापूर्ण ढंग से राशन वितरण कराने का निर्देश दिया है। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
लॉकडाउन के दौरान घरों में कैद गरीबों को सामने रोटी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों में मुफ्त चावल और चना का वितरण कराया जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप जिले में 15 मई से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से अनाज वितरण की प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि उन्हीं कार्डधारकों को केरोसिन मिलेगा, जो विद्युत कनेक्शनधारक अथवा उज्ज्वला उपभोक्ता नहीं होंगे। राशन वितरण की पारदर्शिता के लिए उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव, शिक्षा मित्रों को तैनात किया गया है। सुबह आठ से शाम पांच बजे तक अपनी मौजूदगी में राशन व केरोसिन वितरण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा जनपद, तहसील और ब्लाक स्तरीय नोडल अधिकारियों को लगाया गया है। नोडल अधिकारी दिन भर भ्रमणशील रहकर राशन वितरण प्रक्रिया और कर्मचारियों की उपस्थिति जांचेंगे। राशन वितरण के दौरान शारीरिक दूरी का पालन कराने की चुनौती है। कोटेदारों व कर्मचारियों की हिदायत के बावजूद लोग एक स्थान पर इकट्ठा हो जाते हैं। इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बना रहता है। ऐसे में डीएम ने अधिकारियों को ईमानदारी के साथ दायित्वों के निर्वहन का निर्देश दिया है। जिलापूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रत्येक कार्डधारक को एक किलो चना तथा प्रत्येक यूनिट पर पांच किलों चालव का वितरण होगा। वितरण के दौरान कोटेदार को सेनिटाइजर तथा सोशल डिस्टेंस का पालन कराने की जिम्मेदारी होगी।