कंदवा। नहर पर पुलिया के क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की रात तलासपुर मोड़ के समीप एक कार नहर में पलट गई। इससे कार में सवार चालक सहित चार लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने वाहन में सवार लोगों को किसी तरह बाहर निकाला।
सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर तलासपुर मोड़ के पास नहर पर बनी पुलिया का रेलिंग टूट कर नहर में गिर गया है। वहीं पुलिया के पास मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। रेलिंग विहीन पुलिया और मार्ग पर बने गड्ढों के चलते आए दिन वाहन नहर में पलट रहे हैं और लोग घायल हो रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार की रात विंध्याचल, मिर्जापुर से दर्शन-पूजन कर पटना बिहार निवासी चालक विनोद अपने तीन अन्य साथियों के साथ पटना लौट रहा था। तलासपुर मोड़ के समीप कार सड़क पर बने गढ्ढे को बचाने के चक्कर में रेलिंग विहीन पुलिया से नहर में पलट गई। इससे वाहन में सवार लोग घायल हो गए। राहगीरों ने कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला और इलाज के लिए समीप के निजी अस्पताल पहुंचाया। बाद में क्रेन मंगाकर कार को नहर से बाहर निकाला गया। कुछ दिन पूर्व भी इसी स्थान पर एक पिकअप नहर में पलट गई थी जिसमें पिकअप के चालक को गंभीर चोटें आई थीं। आसपास के लोगों का कहना है कि इसके अलावा भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग से क्षतिग्रस्त पुलिया के मरम्मत की मांग की है।