जिले के अंतिम छोर पर स्थित करौती गांव में कर्मनाशा नदी में लगे लिफ्ट कैनाल की करीब एक किमी नहर साफ-सफाई के अभाव में खराब पड़ी है। यहां से पानी तेजी के साथ आगे नहीं बढ़ पा रहा है। चार वर्षों से सफाई न होने से नाराज किसानों ने शनिवार को करौती नहर के पास इकठ्ठा होकर विरोध प्रदर्शन किया। लघु डाल सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर अनदेखी करने का आरोप लगाया। कहा कि यदि शीघ्र नहर की सफाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
नारेबाजी करने वाले किसानों ने कहा कि इस माइनर में काफी ज्यादा झाड़-झंखाड़ है। सफाई न होने से समय पर पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाता। पहले भी साफ-सफाई की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी ने इसपर ध्यान नहीं दिया। कहा कि कर्मनाशा नदी के तट पर करौती गांव के पास कर्मनाशा नदी में ढाई क्यूसेक की क्षमता का लिफ्ट कैनाल लगा हुआ है। किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए लिफ्ट कैनाल से एक माइनर निकली हुई है। जिससे किसानों के खेतों की सिंचाई होती है। लेकिन साफ-सफाई के अभाव में माइनर झाड़ झंखाड़ से पटी हुई है। प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद साफ सफाई नहीं की गई। प्रदर्शन करने वालों में अजय पांडेय, कृष्णमूर्ति पांडेय, चंद्रमा, शंभू चौधरी, छोटू, ननकी, नुरैशा, रविंद्र आदि लोग शामिल रहे।