सकलडीहा। सिग्नल केबल चोरी के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया है। पुलिस तीन चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की केबल, चोरी में प्रयुक्त उपकरण और बाइक बरामद की है।
कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि 10 अगस्त की रात सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से 25 से 30 मीटर 12 कोर सिग्नलिंग केबल चोरी कर ली गई थी। स्टेशन पर तैनात एसआईएम रामनरायन राय की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस टीम ने बुधवार की रात चतुर्भुजपुर बाजार में चेकिंग के दौरान दिघवट निवासी दिनेश राय, दिलीप राय व रोहित राय को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से केबल काटकर चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक चोर केबल बेचने के लिए कबाड़ी बनारसी चौहान के पास गए थे। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में उसे भी गिरफ्तार कर लिया।