स्थानीय बिजली उपकेंद्र से जुड़े भोजापुर रेलवे क्राॅसिंग के समीप शुक्रवार की आधी रात के बाद केबल बाक्स जल गया। इससे उपकेंद्र से जुड़े सकलडीहा समेत संबंधित इलाकों में आधी रात के बाद बिजली गुल हो गई। शनिवार की दोपहर बाद केबल बाक्स की मरम्मत शुरू हुई। बिजली आपूर्ति न होने से जलापूर्ति नहीं हो पाई। इसके चलते लोगों को पानी के संकट का भी सामना करना पड़ा।
प्रदेश सरकार की तरफ से निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। सकलडीहा उपकेंद्र से जुड़े गांवों में विद्युत निगम के अधिकारियों की लापरवाही के कारण शुक्रवार की रात से बिजली आपूर्ति ठप है। सकलडीहा उपकेंद्र के सकलडीहा दक्षिणी, नोनार, कमालपुर व चहनिया फीडर से जुड़े पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति की जाती है।
शुक्रवार की रात करीब दो बजे भोजापुर रेलवे क्राॅसिंग के समीप केबिल बाॅक्स में फाल्ट आ गया। इसके चलते बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार तो देर शाम तक मरम्मत कार्य चलता रहा।
उधर, सेकेंड फीडर से जुड़े गांव घरचित, सेवखर, भोजापुर, बढ़वलडीह, शिवपुर, टिकरवा, कमहारी, चतुर्भुजपुर, बरठी के गांवों में पिछले एक सप्ताह से बिजली की समस्या से ग्रामीण परेशान है। इस संबंध में विद्युत निगम के जेई रविंद्र कुमार का कहना है कि मरम्मत कार्य जारी है। जल्दी ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।