हरिद्वार से देवघर बाबा धाम जा रही दर्शनार्थियों से भरी बस गुरुवार रात करीब साढ़े 12 बजे अनियंत्रित होकर नरसिंहपुर गांव के सामने गड्ढे में पलट गई। हादसे में 38 लोग जख्मी हो गए। इसमें छह की हालत गंभीर है। सभी गोंडा के रहने वाले हैं।
गोंडा जिले के कटवानाला गांव के 65 लोग हरिद्वार दर्शन करने के बाद बस से इलाहाबाद पहुंचे। वहां से गंगा जल लेकर देवघर बाबा धाम जा रहे थे। रात करीब साढ़े बारह बजे बस नरसिंहपुर के पास हाईवे पर पहुंची थी। इसी दौरान बस बेकाबू होकर गड्ढे में पलट गई। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर समीप की एक फैक्ट्री में सो रहे मजदूरों ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी और घायलों को बस से निकाला। हादसे में 38 यात्री जख्मी हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद बस को क्रेन से बाहर निकलवाया। घायलों में लाल बच्ची (42), जानकी (45), हुकुम सिंह (53), रामफेर (45), रिंकू सिंह (30) और सिंधारी (45) की हालत गंभीर बताई जा रही है। अन्य घायलों में महिपाल, बाबूदीन, निअंधर, बाबूराम, विशेश्वर सिंह, प्रह्लाद यादव, कमलेश, रामदुलार सिंह, रामरंग, पदमा, रामफेर, रामधन, चमेली, हरिद्वार, संतोष सिंह, रामेश्वर, उमा सिंह, राजेन्द्र, जगजीत, उर्मिला, नीलम, रामतेज, वेतराम, बाबू, मड़हर राज, रामनरायन, पराग, बेबी सिंह, रीना, रामराज, रामनरेश, गीता देवी शामिल हैं। शुक्रवार की सुबह मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे में बस का केबिन टूटकर सड़क के किनारे बिखर गया।