अवैध पटाखों के साथ गिरफ्तार आरोपी। पुलिस
रामपुर कस्बे में मकान के अंदर अवैध रूप से पटाखों के भंडारण के आरोप में पुलिस ने सुभाष चंद्र गुप्ता को गिरफ्तार किया है। उसके मकान से दस बोरियों में रखे 2.50 क्विंटल पटाखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मड़ियाहूं सीओ गोल्डी गुप्ता ने बताया कि धनतेरस और दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि रामपुर कस्बा निवासी सुभाष चंद्र गुप्ता अपने मकान में भारी मात्रा में पटाखे रखकर उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष रमेश कुमार पुलिस टीम के साथ उसके मकान पर पहुंचे। वहां पटाखे खरीदने वालों की भीड़ जुटी थी। पुलिस को देखकर खरीदार बिना नाम-पता बताए वहां से चले गए। इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो हाॅल में रखी दस बोरियों से 2.50 क्विंटल विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तारी आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।