कोतवाली क्षेत्र के चतुर्भुजपुर मुहल्ले के विजय नगर कालोनी में शुक्रवार की देर रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर नकदी समेत हजारों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक के भतीजे ने जब एक चोर को पकड़ने की कोशिश की तो चोर ने चाकू से वार कर उसे भी घायल कर दिया लेकिन भतीजे ने उसे नहीं छोड़ा। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने चोर को उनके हवाले कर दिया। मकान मालिक ने कोतवाली में चोरी की तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लोेगों की माने तो चोर पांच=छह की संख्या में आए थे।
जौनपुर में पीडब्ल्यूडी विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात हरवंश प्रसाद का विजय नगर कालोनी में मकान है। पति-पत्नी जौनपुर में ही रहते हैं जबकि उनकी दो बेटियां यहीं रहकर पढ़ाई कर रही हैं। 28 अप्रैल को बड़ी बेटी की तबीयत खराब होने पर दोनों वाराणसी चली गईं ।
कई दिनों से घर खाली देख चोरों ने शुक्रवार की रात अपना निशाना बनाया और बाउंड्रीवाल फांदकर बाहर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए। आलमारी तोड़कर उसमें रखे करीब 15 हजार नकदी समेत सोने की दो चेन, सोने की दो अंगूठी और चांदी की एक जोड़ी पायल चुरा ले गए। कमरे में बेड को भी खंगाला।
देर रात आवाज सुनकर पड़ोसियों ने सेँट्रल कालोनी में रह रहे हरवंश के भतीजे मनोज को सूचना दी और आसपास के लोग घेरेबंदी करने लगे। इसकी आहट लगते ही बाहर के चोर तो भाग निकले लेकिन मकान के अंदर घुसा एक चोर उसी में रह गया। इतने में बाइक से पहुंचा मनोज घर के अंदर घुसा तो चोर उसे देखते ही बाएं हाथ पर चाकू से वार कर भागना चाहा लेकिन मनोज ने उसका हाथ नहीं छोड़ा और चिल्लाकर बाहर खड़े पड़ोसियों को अंदर बुला लिया। मनोज की सूचना पर हरवंश प्रसाद शनिवार की सुबह घर पहुंचे और कोतवाली पहुंचकर चोरी की तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस अगली कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी वीके यादव ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।