पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पार्सल भेजने का सिलसिला जारी है। नए वर्ष के पहले दिन पीडीडीयू जंक्शन से चेन्नई के लिए साड़ियों के बंडल भेजे गए। इससे स्टेशन पर 47462 रुपये के राजस्व की आय हुई। यह अब तक की सबसे बड़ी बुकिंग है। वहीं एक दिन में इस वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक आय है।
मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में उद्यमी और व्यापारियों की सुविधा के साथ-साथ माल परिवहन से रेल राजस्व में वृद्धि के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू) के अधिकारी काम कर रहे हैं। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रुपेश कुमार के नेतृत्व में मंडल के वाणिज्य विभाग की ओर अधिक से अधिक पार्सल बुकिंग की जा रही है। इसी का नतीजा रहा कि वर्ष के पहले दिन शुक्रवार की रात को अप 03251 पाटलिपुत्र-यशवंतपुर एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन में साड़ियों के 293 पार्सल पैकेज की लोडिंग कर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) से डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्टेशन भेजा गया। इस पार्सल बुकिंग से डीडीयू मंडल को 47462 रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई। डीडीयू जंक्शन पार्सल कार्यालय के लिए इस वित्तीय वर्ष 2020-21 में किसी एक व्यापारी द्वारा एक दिन में की गई यह सबसे बड़ी पार्सल बुकिंग है। इससे अर्जित राजस्व भी डीडीयू जंक्शन पर इस वित्तीय वर्ष में एक दिन में पार्सल बुकिंग से अर्जित अब तक का सर्वाधिक राजस्व है।