कंदवा। बरहनी-नौबतपुर मार्ग पर स्थित मोबाइल टावर के पास मंगलवार की देर रात सड़क पर गिरे पेड़ से टकरा कर बाइक सवार जीजा की मौत हो गई जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मीरजापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र के खजरौल गांव निवासी आनंद कन्नौजिया (40) अपने साले के साथ उसकी ससुराल मचिया से बाइक से रात करीब 10 बजे अपनी ससुराल चारी लौट रहा था। वे चारी गांव से पहले मोबाइल टावर के पास पहुंचे थे कि सड़क के बीच में गिरे पेड़ से बाइक टकरा गई। आनंद की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और उसका साला रोहित (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। ॉ
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और सूचना उसके ससुर किशोर कन्नौजिया को दिया। जानकारी मिलते ही उसके ससुराल के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव को कब्जे में कर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक को तीन बेटियां व एक बेटा हैं। घटना के बाद उसकी पत्नी वंदना और उसके बच्चों का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया है। सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गिरे पेड़ को सड़क से हटा दिया गया है।