स्थानीय थाने में तैनात एक दरोगा के घूस मांगने का ऑडियो वायरल होने पर पुलिस अधीक्षक ने उसे मंगलवार को उसे निलंबित कर दिया। वह गुमशुदा युवती को खोजने के लिए उसके पिता से पैसे मांग रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती गायब हो गई। पिता को पड़ोसी युवक पर शक था। उन्होंने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि युवती की तलाश करने के एवज में एसआई संतोष ने युवती के पिता से रुपये की मांग की। फोन पर भी पैसे मांगे। बातचीत का ऑडियो वायरल होने पर एसपी अंकुर अग्रवाल ने संज्ञान में लिया और सीओ से जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया।
एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें एसआई मुकदमे की विवेचना के लिए पैसे की मांग कर रहा था। इसकी जांच कराई गई और प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया।
इससे पहले मुगलसराय के इंस्पेक्टर रहे संतोष श्रीवास्तव का जमीन मामले में दिसंबर 2022 में पैसे लेते वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद एसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया था।