पीडीडीयू नगर। वाराणसी विकास प्राधिकरण की ओर से अवैध प्लाटरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को वीडीए के अधिकारियों ने मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंदासी गांव स्थित अवैध प्लाटिंग में बनी बाउंड्रीवाल को जेसीबी की मदद ढहवा दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने इस कार्य का विरोध किया लेकिन अधिकारियों के आगे किसी की एक भी नहीं चली। नगर के आसपास सटे गांवों में धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग का खेल जा रही है। विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी अनिल दूबे ने बताया कि मुकेश तिवारी नामक एक व्यक्ति की ओर से चंदासी गांव में बिना किसी ले-आउट के प्रयास कराये अवैध तरीके से प्लाटिंग की जा रही है। इसके बाद पुलिस बल के साथ वीडीए की टीम मौके पर पहुंची। जहां प्लाटिंग में बनी बाउंड्रीवॉल को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नगर के आसपास के क्षेत्रों में जहां भी अवैध तरीके से प्लाटिंग की जा रही होगी सभी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान टीम में तहसीलदार आनंद कन्नौजिया, वीडीए के जोनल अधिकारी बेचन राम, चंद्रभानू, जेई आरके सिंह, धन्नी राम समेत काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद रही।