सकलडीहा। क्षेत्र के तेंदुईपुर गांव में एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बंद है। इससे नराज होकर गांव के लोगों ने मंगलवार को सकलडीहा अलीनगर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग ने एक केबिल पर दर्जनों लोगों को कनेक्शन दे दिया है। एक सप्ताह पहले गांव में लगा ट्रांसफार्मर जल गया। ग्रामीणों के हो-हल्ला करने पर ट्रांसफार्मर बदला गया। ट्रांसफार्मर लगने के बाद मात्र एक फेज की सप्लाई शुरू की गई। इससे दूसरे फेज पर आधारित घरों में एक सप्ताह से अंधेरा है। लगातार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज होकर ग्रामीण मंगलवार को गांव के सामने सकलडीहा-अलीनगर मार्ग पर पहुंचे और जाम लगा दिया। इसके बाद विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पाकर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों का आपूर्ति शुरू कराने का आश्वासन देकर जाम हटाया। इस सबंध में अवर अभियंता मनोज पटेल ने बताया कि कर्मचारियों को भेजकर सप्लाई आरंभ करा दी गई है।