-धर्मेंद्र कुमार ने प्रधानाचार्यों को दिए निर्देश, समय प्रबंधन का भी कराया जाएगा अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अब मॉडल प्रश्नपत्रों के माध्यम से बोर्ड परीक्षा का अभ्यास कराया जाएगा। इसके लिए डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के निर्धारित प्रारूप के अनुसार मॉडल प्रश्नपत्र हल करने का अभ्यास कराया जाए। इससे छात्र-छात्राओं को परीक्षा के दौरान प्रश्नों को समझने, निर्धारित समय में उत्तर लिखने और अपनी तैयारी का आकलन करने में मदद मिलेगी। साथ ही, उनमें समय प्रबंधन की समझ भी विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सभी विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र उपलब्ध हैं। प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों को मॉडल पेपर की जानकारी दें। नियमित रूप से अभ्यास कराएं। मॉडल प्रश्नपत्र हल करने से विद्यार्थियों को प्रश्नों के प्रारूप, अंक विभाजन और उत्तर लिखने की शैली समझने में सहूलियत होगी।