तीन माह पूर्व छीनी गई चेन कोतवाली पुलिस ने बरामद कर रविवार की सुबह
पीड़ित को लौटाई। पर पीड़ित ने घर में जब डिब्बे को खोला तो उसमें नकली चेन
मिली।
पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली में जाकर की। पर कोतवाल का
कहना था कि चार लोगों के सामने सील बंद डिब्बा खोलकर चेन पीड़ित को दी गई
थी।
दरअसल जो चेन बरामद हुई थी, वही लौटाई गई है।
गौरतलब है कि नगर की
नई बस्ती के गांधी नगर निवासी पंचानन सेन की पत्नी की चेन गत 19 अक्तूबर
को नई सट्टी के पास उचक्के छीनकर भाग गए थे।
इसकी रिपोर्ट भी कोतवाली में
दर्ज कराई गई थी। करीब 45 दिनों पूर्व सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने कुछ
उचक्कों को गिरफ्तार कर उनके पास से कई चेन बरामद की थी।
जिस पर चंदौली
न्यायालय ने पुलिस को बरामद चेन पीड़ितों को लौटाने का निर्देश दिया था।
इसके तहत सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने चेन को मुगलसराय कोतवाली को सुपुर्द कर
दिया। पुलिस ने पीड़ित को कोतवाली में बुलवाकर बरामद चेन दी थी।
पीड़ित का
आरोप है कि घर लाने के बाद डिब्बे से चेन को बाहर निकालकर देखा गया तो वह
नकली थी। क्योंकि जो चेन छीनी गई थी वह टूट गई थी। जबकि उनको नकली नई चेन
मिली है।
इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार यादव का कहना है कि पीड़ित
व्यक्ति को चेन देने से पहले कोतवाली में डिब्बा खोलकर दिखाया गया था। अब
यदि चेन नकली है तो पीड़ित सकलडीहा कोतवाली में जाकर इसकी शिकायत करे।