सकलडीहा (चंदाैली)। रानी कमलापति (भोपाल) से अगरतला जा रही अगरतला स्पेशल ट्रेन शुक्रवार की सुबह दुर्घटना ग्रस्त होने से बची। सकलडीहा रेलवे स्टेशन से आगे पौरा गांव के समीप ट्रेन रेलवे ट्रैक पार करते समय बाइक से टकरा गई। बाइक ट्रेन के इंजन में फंसकर सौ मीटर तक घिसटती गई। बाइक घिसटने से धुआं निकलने लगा। यह देख कर चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। बाइक को इंजन से अलग किया गया और इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस घटना में ट्रेन बीस मिनट तक रुकी रही।
शुक्रवार की सुबह साढ़े नौ बजे अगरतला स्पेशल ट्रेन पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से खुली थी। ट्रेन लगभग दस बजे सकलडीहा के आगे बढ़ रही थी। इसी बीच पौरा गांव के समीप एक बाइक सवार रेलवे ट्रैक पार करने लगा। बाइक रेलवे ट्रैक में फंस गई और इसी बीच अगरतला स्पेशल ट्रेन आ गई। यह देख बाइक चालक बाइक को वहीं छोड़ कर भाग गया। बीच पटरी पर बाइक होने से ट्रेन के इंजन में बाइक फंस गई और करीब 100 मीटर घिसटती रही। इस दौरान इंजन के नीचे से आग की चिंगारी और धुआं निकलने लगा। ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोका और ग्रामीणों के सहयोग से बाइक को नीचे से निकाला। इस दौरान करीब 20 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। स्टेशन मास्टर उपेंद्र चौधरी ने बताया कि बाइक नीचे आ जाने से ट्रेन खड़ी रही। आरपीएफ ने बाइक को कब्जे में लेकर वाहन स्वामी पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।