ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के सरेसर गांव के पास शनिवार का देर शाम वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। परिवार वाले पुलिस को सूचना दिए बिना जिला महिला अस्पताल से युवक का शव लेकर चले गए।
सकलडीहा कोतवाली के नागेपुर गांव निवासी व्यवसायी अमित सोनी (23) अपने मित्र भोनू के साथ शनिवार की शाम बाइक से वाराणसी जाने के लिए निकला था। शाम पांच बजे दोनों सरेसर गांव के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवक गिरकर घायल हो गए। जब तक आसपास के लोग पहुंचे, तब तक आरोपी चालक वाहन लेकर भाग गया। राहगीरों ने दोनों घायकों को पीडीडीयू नगर स्थित राजकीय महिला अस्पताल पहुंचाया, यहां डॉक्टरों ने अमित सोनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल भोनू (22) को इलाज के बाद छुट्टी दे दी। परिवार वाले पुलिस को सूचित किए बिना अस्पताल से शव लेकर चले गए। युवक की मौत से परिवार वालों में कोहराम मच गया। अलीनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्र ने घटना के बारे में अभिज्ञता जाहिर की है।