शिकारगंज। चकिया अहरौरा मार्ग पर मुडहुआ दक्षिणी गांव स्थित गढ़वा घाट आश्रम के पास शुक्रवार की देर शाम वाहन के धक्के से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठा दूसरा युवक जख़्मी हो गया। लठिया गांव निवासी युवक चंदौली से अपने गांव जा रहा था।
चकिया कोतवाली के लठिया गांव निवासी मंगल राम का एकलौता पुत्र अभय (22) की शादी एक वर्ष पहले हुई थी। शुक्रवार को अभय अपने रिश्तेदार सूरज (25) के साथ बाइक से चंदौली गया था। देर शाम अभय अपने घर वापस जा रहा था। बाइक पर सूरज पीछे बैठा ठा। अभी वे मुड़हुआ दक्षिणी गांव स्थित गढ़वा घाट आश्रम के समीप पहुंचे थे कि दूसरी तरफ से आ रहे तेज वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार अभय सड़क पर गिरा और सिर में चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं सूरज गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद ज़ब तक लोग जुटते टक्कर मारने वाला वाहन वहां से निकल गया। राहगीरों की सूचना पर चकिया कोतवाल अतुल प्रजापति दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अभय के परिवार वालों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया। वहीं सूरज को अस्पताल में भर्ती कराया। युवक की मौत से परिवार वालों में कोहराम मचा है। चर्चा के अनुसार ट्रैक्टर के धक्के से युवक की मौत हुई है। इस सबंध में कोतवाल अतुल प्रजापति ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। टक़्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।