कंदवा। बरहनी ब्लॉक में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लिए 3845 लाभार्थियों का सर्वे हो चुका है। योजना का लाभ केवल पात्र लोगों को देने के लिए सर्वेयर के चयन प्रक्रिया की क्रॉस चेकिंग भी की जाएगी। क्रॉस चेकिंग में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योजना का लाभ पात्र लोगों को ही मिले।
इस बार प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लिए आवास प्लस 2024 एप के माध्यम से ऑनलाइन सर्वे किया जा रहा है। ब्लॉक में सात फरवरी से सर्वे का काम चल रहा है जो 31 मार्च तक चलेगा। ब्लाॅक के 75 ग्राम पंचायतों में सर्वे के लिए 32 सर्वेयर लगाए गए हैं। इस बार एप के जरिए सेल्फ सर्वे की सुविधा भी प्रदान की गई है। सर्वे की क्रॉस चेकिंग के लिए ब्लॉक में बीडीओ और पशु चिकित्साधिकारी लाभार्थियों की पात्रता की जांच करेंगे। अब तक सर्वेयर की ओर से 3845 सर्वे किए गए हैं। इस संबंध में बरहनी के बीडीओ चंद्रभान उपाध्याय का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों के सर्वे की क्रॉस चेकिंग शुरू की जाएगी। योजना का लाभ हर हाल में केवल पात्र लोगों को मिलेगा। उधर, बरहनी ब्लॉक के 75 ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे का काम चल रहा है। सर्वे की क्रॉस चेकिंग के लिए कुल 11 लोगों की टीम गठित की गई है। टीम में शामिल सदस्य छह से सात गांवों में हुए सर्वे की क्राॅस चेकिंग करेंगे।