केंद्रीय विद्यालय संगठन के वाराणसी संभाग के वाराणसी संकुल की तिमाही बैठक केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय में शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में प्राथमिक विभाग से संबंधित शिक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। चर्चा के दौरान केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय के प्रधानाचार्य सोम पाल ने शिक्षकों से कहा कि वे बच्चों को इस प्रकार से शिक्षा दें कि उनका शैक्षणिक वातावरण पूरी तरह तनावमुक्त हो। कुल आठ विद्यालय के प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों ने बैठक में भाग लिया।
अध्यक्षता करते हुए सोम पाल ने कहा कि आज के दौर की शिक्षा में बच्चों के बस्ते का बोझ बढ़ता जा रहा है। ऐसे में शिक्षकों कर्तव्य बनता है कि वे बच्चों को किताबी ज्ञान के अतिरिक्त व्यवहारिक ज्ञान से भी अवगत कराएं जिससे उनके अंदर शिक्षा को लेकर तनावमुक्त वातावरण तैयार हो सके।
केंद्रीय विद्यालय डीएलडब्ल्यू के प्रधानाचार्य विष्णु दयाल ने कहा कि आज के जीवन में प्राथमिक स्तर की शिक्षा में तनावमुक्त वातावरण तैयार करने के लिए व्यावहारिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए।