पंचायत चुनाव के चौथे चरण के मतदान के लिए नामाकंन के अंतिम दिन शनिवार को धानापुर व चहनियां विकास खंड कार्यालयों पर क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के कुल 252 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। दो दिनों के नामांकन के दौरान दोनों विकास खंड कार्यालयों पर 1085 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इस दौरान प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस की शक्ल में विकास खंड कार्यालय पहुंचे और नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन पत्रों की जांच 14 व 15 अक्तूबर को तथा 16 अक्तूबर को नाम वापसी होगी। 16 अक्तूबर को ही तीन बजे के बाद प्रतीक चिह्नों की घोषणा कर दी जाएगी। धानापुर विकास खंड के क्षेत्र पंचायत की 111 सीटों के लिए नामांकन के दूसरे दिन 125 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। दो दिनों के नामांकन के दौरान कुल 577 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसमे महिलाओं की संख्या 226 रही तथा पुरूष के लिए 351 ने नामाकंन किया। आरक्षित वर्ग की सीटों के लिए 377 प्रत्याशियों ने तथा सामान्य के लिए 200 लोगों ने भाग्य आजमाने का साहस किया है।
चहनियां संवाददाता के अनुसार नामाकंन के अंतिम दिन शनिवार को विकास खंड कार्यालय पर 127 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। क्षेत्र पंचायत की 105 सीटों के लिए दो दिनों के नामांकन के दौरान 508 लोगों ने नामांकन फार्म जमा किए। नामाकंन के दौरान पुलिस मुस्तैद दिखी।