विकासखंड नौगढ़ में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के लिए एक बैठक का आयोजन मंगलवार को ब्लॉक सभागार में किया गया।इस दौरान सभी पात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने और जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में खंड विकास अधिकारी अमित कुमार और तहसीलदार अनुराग सिंह ने सभी लेखपालों, रोजगार सेवकों, पंचायत सहायकों, ग्राम पंचायत सचिवों और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रेरित करें।
बीडीओ अमित कुमार ने कहा कि यह अभियान भविष्य की योजनाओं और लाभ वितरण की नींव है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इसके तहत किसानों को पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई जाएगी और उन्हें आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंचायत स्तर पर लगाए जाने वाले शिविरों में तत्काल पंजीकरण की सुविधा दी जाएगी।
तहसीलदार अनुराग सिंह ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री से पारदर्शिता बढ़ेगी और केवल वास्तविक पात्र किसानों को ही योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने लेखपालों को निर्देशित किया कि वे खेतों का भौतिक सत्यापन कर सही जानकारी दर्ज करें ताकि कोई अपात्र व्यक्ति लाभ न उठा सके।
बैठक के अंत में बीडीओ अमित कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे इस कार्य को गंभीरता से लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि विकासखंड नौगढ़ में कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित नहीं रहेगा।