कंदवा। अरंगी गांव में नागवंशी स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित कैनवस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ बृहस्पतिवार को हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा बरहनी मंडल के उपाध्यक्ष अजीत सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मैच बरंगा सैयदराजा और बिहार के बिंदपुरवा के बीच हुआ जिसमें बरंगा की टीम ने 55 रनों से विजय प्राप्त कर अगले दौर में प्रवेश किया।
इससे पूर्व निर्धारित 15 ओवरों के मैच में बिंदपुरवा की टीम ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बरंगा की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। बरंगा के रिशु ने नौ छक्कों और दो चौकों की सहायता से 32 गेंदों पर धुआंधार 80 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिंदपुरवा की टीम मैच के 10 वें ओवर में 69 रन बनाकर आल आउट हो गई। मैच में 80 रन बनाने के साथ तीन विकेट झटकने वाले रिशु को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेल भावना का होना जरूरी है। हार-जीत लगी रहती है पर अपने प्रयास में कमी नहीं करनी चाहिए। अंपायरिंग मन्नू पांडेय और बलवंत सिंह ने की।