सकलडीहा। स्थानीय कोतवाली पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र के दरियापुर गांव में पिछले दिनों विवाहिता की मौत के मामले में पति को बथावर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी भी तलाश कर रही है। विवाहिता ने फंदे से लटक कर जान दी थी। विवाहिता के भाई ने पति सहित परिवार के आठ लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़तना और हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
दरियापुर गांव में पिछले दिनों 27 वर्षीय शशि कला की फंदे पर लटकने से मौत हो गई थी। शशि कला से एक पुत्र और एक पुत्री है। घटना की जानकारी होने पर सीओ राजेश कुमार राय सहित कोतवाल विनोद मिश्रा पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर के घटना की जांच में जुट गए। विवाहिता के भाई भोला यादव की तहरीर पर पति सहित आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया था। कोतवाल विनोद मिश्रा ने बताया कि विवाहिता की मौत के मामले में पति को गिरप्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। पति का चालान कर जेल भेज दिया गया है।