बकरीद की पूर्व संध्या पीडीडीयू नगर में सेवई की खरीदारी करते लोग।
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। कुर्बानी का पर्व बकरीद शनिवार को मनाई जाएगी। इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है। हालांकि कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से इस बार त्योहार का स्वरूप बदला नजर आएगा। सामूहिक रूप से नमाज अदा करने और सार्वजनिक रूप से कुर्बानी पर रोक लगी है। लोगों से घर में नमाज अदा करने और कुर्बानी देने का आह्वान किया गया है। बावजूद इसके लोगों में उत्साह की कमी नहीं आई। शुक्रवार को पर्व की तैयारी के मद्देनजर बाजार में खरीददारों की भीड़ रही। कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से इस वर्ष त्योहारों का स्वरूप बदल गया है। अब कुर्बानी पर्व ईद उल अजहा (बकरा ईद) पर इसका असर पड़ा है। कोरोना के फैलाव को रोकने के उद्देश्य से किसी स्थान पर पांच लोगों से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है। बाजार भी दायी पटरी और बाई पटरी के हिसाब से खुल रहे हैं। इस वर्ष कुर्बानी के लिए बकरों की मंडी भी नहीं सजी। इतने प्रतिबंधों के बाद भी मुस्लिम समाज के लोग पर्व मनाने की तैयारी में जुटे रहे। कुर्बानी पर्व पर घरों में पकवान बनाने के लिए शुक्रवार को सेवइयों की खरीददारी के लिए लोग जुटे। नगर के जीटी रोड पर मस्जिद के समीप सेवइयों की दुकानें सजी रही। यहां चार से पांच तरह की सेवइयों की दुकान सजी। इसके साथ ही खजूर, मेवा, मसाले आदि की भी खूब खरीददारी हुई। इसी तरह अलीनगर, कसाब महाल, दुलहीपुर आदि में दुकानों पर खररीदारों की भीड़ रही। इस वर्ष बकरों की मंडी तो नहीं सजी लेकिन जगह जगह से लोगों ने बकरों की खूब खरीद फरोख्त की।