अलीनगर थाना क्षेत्र के सिंघीताली स्थित नेशनल हाईवे पुल पर रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक सवार महिला सड़क पर गिर पड़ी और पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक चला रहा उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हृदयपुर गांव निवासी बृज बिहारी यादव का पुत्र विवेक यादव (30) अपनी मामी ममता यादव (40) निवासी संघति, अलीनगर थाना क्षेत्र को दवा दिलाने के लिए बाइक से रामनगर किसी निजी अस्पताल ले जा रहा था।
करीब साढ़े नौ बजे सिंघीताली नेशनल हाईवे पुल पर अचानक बाइक पुल के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में ममता यादव सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। इससे घटनास्थल पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत घायल को जिला अस्पताल भेजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतका का पति किसी अन्य शहर में निजी कंपनी में कार्यरत है। ममता यादव के दो पुत्र शशि यादव (16) और शांतनु यादव (14) हैं, जो गांव में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।