बड़े बेटे का जन्मदिन मनाने के लिए सामान खरीदने बाजार जा रहे कंपोजिट विद्यालय के परिचारक की शुक्रवार की शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। कमालपुर धीना मार्ग पर रैथा गांव के सिंचाई डाक बंगले के समीप तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर ट्रैक्टर ट्राली में घुस गई। इससे कंपोजिट विद्यालय के परिचारक की मौत हो गई और पीछे बैठे गांव की एक अधेड़ व्यक्ति की हालत गंभीर है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
स्थानीय थाना के भैसा पिपरी गांव निवासी मुकेश कुमार राय उर्फ राजू (35) की पिता योगेंद्र राय की मौत के बाद उनके स्थान पर नौकरी मिली थी। वह रैपुरा कंपोजिट विद्यालय में परिचारक पद पर तैनात था। दो भाईयों में दूसरे नंबर का मुकेश शुक्रवार को अपने 12 वर्षीय बड़े बेटे नंदजी के जन्मदिन के लिए सामान लाने बाइक पर भैसा गांव निवासी सहेंद्र राजभर (55) को बैठा कर धीना बाजार की तरफ जा रहा था। वह रैथा गांव के डाक बंगले के समीप पहुंचा था कि आगे चल रहे ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकरा गया। इस घटना में बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को कमालपुर निजी चिकित्सालय में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं सहेंद्र राजभर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मुकेश ने हेलमेट पहन रखी थी लेकिन टक्कर के कारण हेलमेट निकल गया और सिर में गंभीर चोट लगी थी। पुलिस के अनुसार बाइक सवार दोनों नशे में थे। इस संबंध में धीना के प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मृत मुकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
इनसेट-
अब कभी जिंदगी में जन्मदिन नहीं मना सकेगा नंदजी
कमालपुर। कंपोजिट विद्यालय रैपुरा में परिचारक मुकेश की मौत से परिवार वालों में कोहराम मच गया है। बुढ़ी मां श्यामवती देवी का रो रोकर हाल बेहाल हो गया। दो भाईयों में दूसरे नंबर पर मुकेश कुमार राय की पिता की मौत के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। बड़ा भाई अरविंद राय उर्फ बबलू और मुकेश अलग अलग रहते थे। मां श्यामवती देवी मुकेश के साथ रहती है। मुकेश के दो बेटे नंदजी उर्फ किशन 12 वर्ष और कान्हा आठ वर्ष हैं। पत्नी रिंकी की मौत पांच वर्ष पहले हो चुकी है। अब बच्चों को कौन पालेगा, इसको लेकर लोग दुखी हैं। सबसे ज्यादा दुख की बात यह है कि अब नंदजी कभी भी अपना जन्मदिन नहीं मना पाएगा। उसके हर जन्मदिन पर पिता की याद आएगी कि इसी दिन उनकी मौत हो गई थी।
-
विद्यालय में शोक सभा
कंपोजिट विद्यालय रैपुरा में शोक सभा हुई। इसमें परिचारक मुकेश राय के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने दो मिनट का मौत रख कर मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। सभा में प्रभारी प्रधानाध्यापक डॉ. देवेनद्र प्रताप यादव, आरती यादव, विनोद चौधरी, दिग्विजय नरायन सिंह, संजय विश्वकर्मा, अपरबल, हरिओम तिवारी, अशोक सिंह यादव, सुनीता यादव, मंजू देवी आद रहे।संवाद