नौगढ़। जयमोहनी रेंज में वन भूमि पर कब्जे के प्रयास को वन विभाग ने विफल कर दिया। शिकारगंज में लगाए गए पौधों को नष्ट कर वन भूमि को खेती के लिए तैयार किया जा रहा था। इसके लिए पंपिंग सेट से पानी चलाया जा रहा था। वन विभाग की टीम को देखकर आरोपी भाग गए। टीम ने पंपिंग सेट जब्त कर रेंज कार्यालय में सीज कर दिया।
प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर के निर्देशन में वन अपराधों की निगरानी के दौरान शुक्रवार को मुखबिर से इसकी सूचना मिली। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने टीम गठित कर मौके पर भेजी। टीम के पहुंचने पर तकिया निवासी तैयब पुत्र नूर मोहम्मद पंपिंग सेट छोड़कर भाग निकला। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि वन अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिस स्थान पर पौधों को नष्ट किया गया है, वहां दोबारा पौधरोपण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वन भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान वन दरोगा सोमेश कुमार, विशाल चंद्र, वन रक्षक चंद्रशेखर, प्रमोद कुमार, प्रेम सिंह, मुलायम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।