पीडीडीयू नगर। सरकारी दफ्तरों में रखे चेकों की क्लोनिंग कर अवैध तरीके से लाखों रुपये अर्जित करने के आरोप में जेल में बंद रामाशीष सिंह की लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति शनिवार को पुलिस व तहसील प्रशासन ने कुर्क की। इस दौरान अधिकारियों ने मकान के बाहर कुर्की के बाबत मुनादी करवाई। संपत्त्ति के बाहर कुर्की का बोर्ड लगवाया।
बता दें कि नगर पालिका कार्यालय व जलनिगम कार्यालय में रखे चेको की क्लोनिंग करके लाखों रुपये की हेराफेरी की गई थी। इस मामले में मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने इस्टर्न बाजार निवासी रामाशीष सिंह समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद इस मामले में जिला मजिस्ट्रेट की ओर से आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया। जिस पर शनिवार को एसडीएम प्रशासन पीडीडीयू नगर अतुल कुमार गुप्ता, तहसीलदार आनंद कुमार, सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह, मुगलसराय कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा, अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र तिवारी पुलिस बल व ढोल के साथ आरोपी के कुढ़कला स्थित घर पर पहुंचे। जहां अधिकारियों ने सबसे पहले मुनादी करवाई। इसके बाद घर के बाहर कुर्की के बाबत बोर्ड लगा दिया। इस दौरान अधिकारियों ने एक अन्य जमीन समेत स्कार्पियों गाड़ी व एक मोटरसाइकिल व स्कूटी कुर्क कर ली। इस संबंध में सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि आरोपी की एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।