क्षेत्र के चंदौली कोट गांव में हुई मारपीट और गोलीकांड के आरोपियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। सदर कोतवाली पुलिस शनिवार को चंदौली कोट पहुंचकर मुकदमे में वांछित आरोपियों के घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा की। साथ ही डुगडुगी बजवाकर आरोपियों को हाजिर होने की मुनादी कराई। पुलिस ने चेताया कि यदि वांरटी हाजिर नहीं हुए तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। गत दिनों चंदौली कोट में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इसमें एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे के साथ ही कुल्हाड़ी का प्रयोग किया था। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग भी हुई थी। घटना से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस एक पक्ष के लोगों को थाने लेकर पहुंची और उनकी तहरीर मुकदमा कायम कर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटना में शामिल एक युवक को गिरफ्तार और शेष आरोपी फरार हैं।