इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की कापियों का मूल्यांकन गुरुवार से महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में शुरू हो गया। मूल्यांकन केंद्र पर इलाहाबाद, बरेली और मेरठ मंडल की दो लाख 46 हजार 512 कापियां जांची जाएंगी। पहले दिन सभी परीक्षकों और डिप्टी हेड को जांचने के लिए 25-25 कापियां दी गईं। इंटर की कापियों के मूल्यांकन के लिए 53 डिप्टी हेड और 504 परीक्षक लगाए गए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा की समाप्ति के बाद कापियों के मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका है। जिले में तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। चकिया और मुगलसराय में हाईस्कूल और महेंद्र टेक्निकल इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की कापियां जांची जा रही हैं। इस दौरान हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, भौतिक विज्ञान, गणित, नागरिक शास्त्र, भूगोल, अर्थ शास्त्र, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, इतिहास, बहीखाता, व्यापारिक संगठन, कंप्यूटर, सामान आधारित विषय की कापियों का मूल्यांकन होगा। उपनियंत्रक संकलन केंद्र डा. रामचंद्र शुक्ल ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशों के तहत कापियों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। प्रत्येक परीक्षक को अधिकतम 45 कापियां दी जाएंगी, ताकि गुणवत्तापरक ढंग से मूल्यांकन किया जा सके। कहा कि संबंधित विषय में स्नातकोत्तर को ही परीक्षक की ड्यूटी में लगाया जा रहा है। मूल्यांकन में गलती मिलने पर संबंधित परीक्षक के विरुद्घ कार्रवाई की जाएगी।