आग की चपेट में आकर गृहस्थी का सामान राख
चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनिया गांव स्थित एक घर में रविवार की सुबह आग लग गई। आग की चपेट में आने से गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने पानी व बालू डाल कर आग पर काबू किया। इससे आसपास के घर आग की चपेट में आने से बच गए।
गांव निवासी अजय खरवार के घर के लोग बाहर बैठे थे। तभी किन्हीं कारणों से घर में आग लग गई। घर से धुआं निकलता देख परिवार के सदस्य चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी चीख-पुकार सुन कर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू तो कर लिया पर तब तके घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो चुका था। भुक्तभोगी के अनुसार घर में रखे तोसक,रजाई, टीवी, चारपाइयों, कुर्सियों सहित गेहूं, चावल व खाने की अन्य वस्तुएं आग की भेंट चढ़ गए हैं। इससे परिवार के समक्ष पेट भरने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से भुक्तभोगी की आर्थिक सहायता किए जाने की मांग की है।