चकिया/नौगढ़। केंद्र सरकार की ओर से जारी आरोग्य सेतु एप को हर मोबाइल में डाउनलोड कराने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. एके श्रीवास्तव ने रविवार को जिले के कई विकासखंड कार्यालयों में अधीनस्थों संग बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को हर हाल में 30 अप्रैल तक सभी के मोबाइल में एप डाउनलोड कराने का निर्देश दिया। दोनों जगहों पर हुई बैठकों में सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन किया गया। चकिया खंड विकास कार्यालय परिसर के सभागार में कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के वायरस से लोगों को बचाने के लिए आरोग्य सेतु एप हर मोबाइल में डाउनलोड कराना आवश्यक है। कहा कि 20 अप्रैल तक हर गांवों के हर नागरिक के मोबाइल में एप डाउनलोड कराने से कोरोना संक्रमण की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। इसके लिए उन्होंने ग्राम पंचायत के समस्त कर्मचारियों, अध्यापकों, शिक्षामित्रों व अनुदेशकों, आशा व आंगनबाडी कार्यकत्रियों, एएनएम, नगर पंचायत कर्मचारियों, वार्डो के सभासद, ग्राम प्रधानों, रोजगार सेवकों, सफाईकर्मियों व बीडीसी सहित अन्य एनजीओ से जुड़े लोगों को तीन दिनों में डोर टू डोर जाकर लोगों के मोबाइल में एप डाउनलोड कराने का निर्देश दिया। बैठक में डीपीआरओ ब्रह्मचारी दुबे, श्रम आयुक्त मनरेगा धर्मजीत सिंह, तहसीलदार शैलेंद्र कुमार, बीडीओ सरिता सिंह, बीईओ चंद्रशेखर आजाद, एडीओ अशोक कुमार, पीएचसी अधीक्षक डॉ. सुजीत सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं नौगढ़ विकास खंड के सभागार में भी सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सीडीओ ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सभी के मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने का निर्देश दिया। बैठक में तहसीलदार आनंद कुमार कनौजिया,बीडीओ सुदामा यादव, चिकित्सा अधीक्षक अवधेश पटेल के अलावा पंचायत सेक्रेट्री व सफाई कर्मी मौजूद रहे।