चकिया में आयोजित योग महाकुंभ में योग करते प्रतिभागी छात्र। स्रोत:-जागरूक पाठक
चकिया। स्थानीय सिल्वर बेल्स स्कूल में चल रह सीबीएसई ईस्ट जोन योगासन चैंपियनशिप में अंडर 14 बालिका में आर्मी पब्लिक स्कूल लखनऊ की टीम अव्वल रही। इसी तरह धनबाद पब्लिक स्कूल झारखंड दूसरे जबकि स्कॉलर हाई स्कूल, रामनगर तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर और निर्णायकों को सम्मानित किया गया।
चार दिवसीय योग चैंपियनशिप में अंडर-14 बालक वर्ग में टेंडर हार्ट सीनियर सेकंडरी स्कूल अव्वल रहा। वहीं धनबाद पब्लिक स्कूल दूसरा जबकि मेजबान सिल्वर बेल्स स्कूल चकिया तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 बालिका वर्ग में धनबाद पब्लिक स्कूल प्रथम, दिल्ली पब्लिक स्कूल, गया द्वितीय तथा सीएचएस वाराणसी तृतीय रहा। अंडर-17 बालक वर्ग में गृज्जलि विद्यालय अव्वल रहा जबकि धनबाद पब्लिक स्कूल द्वितीय और दिल्ली पब्लिक स्कूल गया तृतीय रहा। अंडर-19 बालक वर्ग में क्रमश: धनबाद पब्लिक स्कूल, विवेकानंद विद्या मंदिर और कन्नौज पब्लिक स्कूल, अंडर-19 बालिका वर्ग में टेंडर हार्ट स्कूल, कन्नौज पब्लिक स्कूल और धनबाद पब्लिक स्कूल ने पहले तीन स्थान पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुगलसराय के भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग को वैश्विक पहचान दिलाकर भारतीय सनातन परंपरा को विश्व मंच पर प्रतिष्ठित किया है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन का आधार है। विशिष्ट अतिथि चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को स्वस्थ एवं संस्कारित जीवन की दिशा देते हैं। इस अवसर पर स्कूल के मैनेजिंग डाॅयरेक्टर रमेश चंद्र भगत, असिस्टेंट डायरेक्टर सिद्धार्थ जायसवाल, एजक्यूटिव डायरेक्टर वेदांत जायसवाल, सीबीएसई बोर्ड के आब्जर्वर अशोक कुमार, कैलाश जायसवाल, आलोक जायसवाल आदि उपस्थित रहे।