ताराजीवनपुर। क्षेत्र में खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों ने बृहस्पतिवार को साधन सहकारी समिति संघती पर पहुंचकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि यदि समय से खाद नहीं मिली तो गेहूं की फसल इस वर्ष बर्बाद हो जाएगी। चेताया की जल्द खाद उपलब्ध नहीं हुई तो हम किसान सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे।
धान का कटोरा कहे जाने वाले जनपद में गेहूं की बुवाई शुरू होते ही किसानों को खाद की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। खाद के लिए किसान समितियों का चक्कर काटने को मजबूर हैं। अगर कहीं किसी समिति पर खाद भेजी भी जा रही है तो किसानों के लिए वह ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। इससे आक्रोशित किसानों ने बृहस्पतिवार को साधन सहकारी समिति संघती पर पहुंचकर खाद की मांग को लेकर जमकर हंगामा कर प्रदर्शन किया। चेताया कि समय रहते अगर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो हम किसान सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। इस मौके पर केदार यादव, कुंज बिहारी सिंह, नामवर यादव, सुरेंद्र यादव, डॉ. राजकुमार, जोगिंदर यादव, राम आशीष मौर्य, लक्ष्मण यादव, फागू शर्मा, बनारसी सिंह सहित तमाम किसान मौजूद है।