पीडीडीयू नगर। यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जिले में पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक सिक्स लेन और फोरलेन का निर्माण कराया गया है। फिलहाल पीडीडीयू नगर से अलीनगर तिराहे तक जीटीआर ब्रिज से आवागमन हो रहा है। इस पुल की अवधि करीब सौ साल हो गई है।
वहीं, पुल संकरा होने के कारण अक्सर जाम लगता है। इसलिए 990 मीटर लंबा नया ओवरब्रिज बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने 270 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने और बजट जारी होने के बाद सेतु निगम इसका निर्माण कराएगा।
वर्ष 2022 से पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक चल रहे सिक्स लेन और फोर लेन का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है। केवल दुलहीपुर बाजार में करीब तीन किलोमीटर एक लेन का काम बाकी है।
वहीं, पीडीडीयू नगर में गुरुद्वारे से जीटीआर ब्रिज के पश्चिमी छोर तक नाला बनाया जा रहा है, जिसका काम अंतिम चरण में है। फोरलेन की चौड़ाई करीब नौ मीटर है। वहीं, करीब सौ साल पुराने रेलवे यार्ड पर बने ओवरब्रिज के दोनों लेन की चौड़ाई करीब साढ़े तीन-साढ़े तीन मीटर है, जिससे अक्सर जाम लगता है। इसको देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने नए ओवरब्रिज के कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी है।