नियामताबाद। रेवसा गांव के पास नेशनल हाइवे पर बृहस्पतिवार को शाम करीब सात बजे किसी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार रघुवंश उपाध्याय (60) की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के कसवढ़ गांव निवासी रघुवंश उपाध्याय किसी काम से अपनी बाइक से बनारस की ओर जा रहे थे। रास्ते में रेवसा गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। इससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी। उधर, मौत का समाचार सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।