दुलहीपुर। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के एफसीआई गोदाम गेट के समीप करवत स्थित बिहार कालोनी में शनिवार को पटरा बल्ली लेकर आए ट्रैक्टर- ट्राली की चपेट में आने से दो साल के मासूम की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस चालक व मालिक सहित गाड़ी को कोतवाली ले आई और आगे की कार्रवाई में जुट गई।
एफसीआई गोदाम गेट के समीप करवत गांव के बिहार कालोनी निवासी अनील चौधरी का बड़ा पुत्र पांच साल का अनिश चौधरी और छोटा पुत्र दो साल का शुभम चौधरी शुक्रवार की दोपहर में अपने घर के सामने खेल रहे थे। इस दौरान अनिल चौधरी के घर के सामने एक घर का निर्माण हो रहा था। ऐसे में ट्रैक्टर ट्राॅली पर पटरा-बल्ली लादकर चालक वहां आया और उसे उतारने लगा। ट्रैक्टर ढलान पर होने के कारण आगे बढ़ गया। इस दौरान वहां खेल रहा शुभम चौधरी ट्रैक्टर के चपेट में आ गया और वह घायल हो गया। परिजन बालक को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। जहां उसकी हालात गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। यहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद ड्राइवर वाहन छोड़ कर भाग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर व चालक के साथ ही मालिक को कोतवाली ले आई। मुगलसराय कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि वाराणसी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल के परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुलहीपुर। मुगलसराय कोतवाली के एफसीआई गोदाम गेट के समीप करवत स्थित बिहार कालोनी में शनिवार को ट्रैक्टर- ट्राॅली की चपेट में आने से मासूम की मौत के बाद दादी सुशीला देवी व मां रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। रोते हुए उसने कहा कि इस मार्ग से मालवाहक वाहनों का निरंतर आवागमन होता रहता हैं। इस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। जिस दर्द और पीड़ा से हम गुजरें हैं उससे फिर कोई मां न गुजरे। पीड़ित परिवार ने आरोपियों को सजा दिलाने की मांग पुलिस से की।