लोगों की राय से होगा अमृत भारत स्टेशनों का विकास
रेलवे लोगों से मांग रही है ऑनलाइन विचार
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पं. दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में 15 स्टेशनों का विकास किया जाना है। पहले चरण में रविवार को मंडल के सात स्टेशनों के विकास कार्यों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। रेलवे ने स्टेशनों का मॉडल तैयार कर लिया है। स्टेशनों के विकास के लिए लोगों की राय को अहमियत देते हुए ऑनलाइन विचार मांगे जा रहे हैं। वहीं, उद्घाटन समारोह में भी लोगों से उनकी सलाह ली जाएगी।
रेलवे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश भर में रेलवे स्टेशनों के विकास की योजना है। इसी कड़ी में रविवार को प्रधानमंत्री देश भर के 508 रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल में चंदौली, दुर्गावती, भभुआ रोड, कुदरा, सासाराम, अनुग्रह नरायन रोड और गया स्टेशन को शामिल किया गया।
रेलवे स्टेशनों पर चौड़ा फुटओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म का चौड़ीकरण करने संग ऊंचाई बढ़ाने बढ़ाई जाएगी। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, वॉटर बूथ, स्पर्श मार्ग, बुकिंग काउंटर, पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। स्टेशनों पर नए उन्नत शौचालय, अतिरिक्त जल बूथ और विकसित सर्कुलेटिंग एरिया बनाया जाएगा।
पार्किंग क्षेत्र में सुधार और विस्तार के साथ उन्नत प्रकाश व्यवस्था, बेहतर और अरामदायक फर्नीचर व्यवस्था, एलईडी टीवी डिस्प्ले, जीपीएस आधारित घड़ी और डिजिटल घोषणा प्रणाली की व्यवस्था की जानी है। इसके बाद अब रेलवे लोगों से विकास के बारे में राय ले रही है। इसके तहत रेलवे स्टेशन भवन की डिजाइन, निकास द्वार कि संख्या, वोटिंग हाल की सुविधा, शहर के विभिन्न इलाकों से कनेक्टिविटी सहित अन्य मुद्दों पर लोगों के सुझाव मांगे जा रहे हैं।
इस संबंध में पीडीडीयू मंडल के जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि स्टेशन के विकास में लोगों की राय महत्वपूर्ण है। इसीलिए लोगों से ऑनलाइन और ऑफलाइन सुझाव मांगे जा रहे हैं।