कंदवा। क्षेत्र के अरंगी गांव में सोमवार को तेंदुआ घूमता दिखाई दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत है। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। पुलिस ने वन विभाग को सूचना दी लेकिन वन विभाग की टीम शाम तक मौके पर नहीं पहुंची। अरंगी गांव के ग्रामीण सोमवार को जब कर्मनाशा नदी के किनारे पहुंचे तो उनकी नजर बैठे तेंदुए पर पड़ी। तेंदुआ को देखकर उनके होश उड़ गए। युवक तेंदुआ को देख कर डर गया और शोर मचाने लगा। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी डंडा लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तेंदुए का कहीं अता पता नहीं चल सका। ग्रामीणों की आशंका थी कि बड़ी संख्या में ग्रामीणों को आते देख तेंदुआ नदी किनारे जंगली पेड़ पौधो में चला गया। गांव वालों ने इसकी सूचना कंदवा थाने पर दी फिर दारोगा मनोज कुमार श्रीवास्तव को सूचना दिया। इस पर उन्होंने लखनऊ होने के चलते मंगलवार की सुबह अरंगी आने का आश्वासन दिया और ग्रामीणों को उस क्षेत्र में जाने से मना किया। कंदवा के प्रभारी निरीक्षक सलिल स्वरूप आदर्श ने कहा कि क्षेत्र में तेंदुआ जैसा जानवर देखे जाने की सूचना वन विभाग को दी गई है। लोगों को उस क्षेत्र में जाने से मना कर दिया गया है। वहीं वन दारोगा मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि जब तक जानवर पकड़ा नहीं जाएगा तब तक कौन सा जानवर है बता पाना मुश्किल है।