सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह के परिवार में हो रहे विवाद का असर जिले में भी पहुंच गया है। रविवार को स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री कालेज के छात्र नेता अंकित यादव व उसके समर्थकों ने अमर सिंह को पारिवारिक कलह के लिए दोषी मानते हुए उनका पुतला फूंका।
गौरतलब है कि पिता मुलायम सिंह, पुत्र अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल यादव के बीच हो रहे विवाद की चर्चा जिले में पार्टी के लोगों के बीच चल रही है। शनिवार को मुलायम सिंह ने अखिलेश यादव के करीबी उदयवीर सिंह को पार्टी से बाहर किया तो अखिलेश ने रविवार को मंत्रिमंडल से कई मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। अहम की लड़ाई यहीं नहीं रुकी अपितु विरोध स्वरूप शिवपाल ने बड़े भाई रामगोपाल यादव को पार्टी से बाहर कर दिया। शीर्ष नेताओं में ठनी इस रार के बीच जिले के सपा कार्यकर्ता अपने अपने आकाओं रिझाने और खुद को उनका खास बताने के लिए किसी भी विरोध करने से गुरेज नहीं कर रहे। यहां तक पार्टी के नेताओं का पुतला तक भी फूंक दे रहे हैं। छात्र नेता व सपा कार्यकर्ता अंकित यादव ने मुलायम सिंह के परिवार में पड़ी दरार के सपा नेत अमर सिंह को दोषी मानते हुए उनका पुतला फूंका। कहा कि अमर सिंह समाजवादी पार्टी को दीमक की तरह अंदर से खोखला कर रहे हैं। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के परिवार को अलग करने का कार्य किया है। कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भावुक व्यक्ति है उन्होंने पांच मंत्रियों समेत अपने चाचा शिवपाल यादव को भी नहीं छोड़ा। इस दौरान विकास यादव, धरमसुत यादव, संदीप यादव, आरिफ, रोहित सेठ, संजय, मनीष, सद्दाम, रतन, रामप्रवेश आदि मौजूद रहे।