पीडीडीयू नगर। जिले के सभी थाने सीसीटीवी कैमरे से लैस हो चुके हैं। बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने सभी थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया था। जिसके बाद जिले के सभी थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
थानों और कोतवालियों में कार्यालय व परिसर के अधिकांश भाग कैमरे की जद में है। हालांकि अभी इन कैमरों में वाइस रिकार्डिंग की सुविधा नहीं है। विभाग की ओर से एक माह तक रिकार्डिंग को सुरक्षित रखा जाता है।
थानों और कोतवालियों में शासन स्तर से परिसर में सीसी कैमरे लगाये जाने के निर्देश दिये है। उच्चाधिकारियों से मिले निर्देश के जिलेभर के समस्त थानों और कोतवालियों को सीसी कैमरों से लैस कर दिया गया है। जिले में 16 थाने हैं, जिसमें महिला थाना शामिल है। मुगलसराय कोतवाली में कुल पांच कैमरे लगाये गये हैं। इसमें से चार कैमरे कोतवाली की ओर से और एक कैमरा चंदौली पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से लगाया गया है। वहीं अलीनगर थाना परिसर में तीन, कंदवा थाना परिसर में अंदर बाहर मिलाकर कुल छह, बलुआ थाना परिसर में कुल चार, धीना थाने में कुल पांच, चकिया कोतवाली परिसर में चार सीसी कैमरे लगे हुए है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि जिले के सभी थाने सीसी कैमरे से लैस है वहीं समय-समय पर इसकी जांच भी की जाती है।